सीबीएसई मैट्रिक में झारखंड टॉपर बने प्रणय गिरि, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 3 लाख का चेक, लैपटॉप और मोबाइल देकर किया सम्मान
डीजे न्यूज, धनबाद : सीबीएसई मैट्रिक परीक्षा 2026 के झारखंड स्टेट टॉपर धनबाद पब्लिक स्कूल केजी आश्रम के छात्र रहे प्रणय गिरि को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को रांची में आयोजित झारखंड स्थापना दिवस समारोह में तीन लाख रुपए का चेक, लैपटॉप, मोबाइल फोन एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
गोविंदपुर प्रखंड अंतर्गत गोसाईंडीह गांव निवासी एवं पूर्वी टुंडी के उत्क्रमित मध्य विद्यालय चूरूरिया के सहायक शिक्षक मनोज कुमार गिरि एवं अनिता गिरि के पुत्र प्रणय गिरि को सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय ने स्टेट टॉपर घोषित किया।
उसकी इस सफलता पर प्रखंड प्रमुख निर्मला सिंह एवं डीएन सिंह ने कहा कि यह पूरे गोविंदपुर प्रखंड और धनबाद जिला के लिए गौरव की बात है।
धनबाद पब्लिक स्कूल की प्राचार्य शारदा महाजन ने कहा कि विद्यालय की यह ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व उपलब्धि है।
शिक्षा विकास ट्रस्ट अध्यक्ष राम प्रसाद कटेसरिया, सचिव शैलेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष दीपक बंसल, डीपीएस सचिव एसके पसारी एवं कोषाध्यक्ष बलराम अग्रवाल ने विद्यालय का नाम गौरवान्वित करने के लिए प्रणय गिरि को बधाई दी है।
नागरिक समिति अध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल, संरक्षक शंभूनाथ अग्रवाल, जया कुमार एवं शरत दुदानी आदि ने ग्रामीण छात्र की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई है।