डोमनपुर में ज्वेलर्स व बर्तन दुकान में चोरी, हजारों के सामान ले गए चोर
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): शनिवार की रात राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर स्थित अजीत ज्वेलर्स एवं बर्तन दुकान में चोरों ने एस्बेस्टस शीट सरकाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान से हजारों रुपये के पीतल-कांसा के बर्तन, चांदी की पायल, राखी, बिछिया समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
दुकानदार अजीत वर्मा के अनुसार, वह शनिवार शाम करीब छह बजे दुकान बंद कर तेतुलमारी पांडेडीह स्थित अपने घर चले गए थे। रविवार सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो चोरी का पता चला। दुकान की छत पर लगी एस्बेस्टस शीट हटी हुई थी और सामने लगी शोकेस नीचे गिरी पड़ी थी। शोकेस में चांदी के आभूषण रखे थे। वहीं, सोने के आभूषण रखी अलमारी को भी चोरों ने खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।
अजीत वर्मा ने बताया कि वर्ष 2022 में भी इसी दुकान में चोरी हुई थी, जिसमें काफी सामान चोरी गया था।
सूचना मिलते ही राजगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और गहन निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदार को आवश्यक निर्देश देते हुए लिखित शिकायत देने को कहा।
इधर, घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि डोमनपुर मोड़ पर रातभर पुलिस गश्ती वाहन खड़ा रहता है, इसके बावजूद दुकान में चोरी की घटना कैसे हो गई। वहीं, गोविंदाडीह पंचायत के मुखिया का आवास भी घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर रात 11 से 12 बजे तक दुकानदारों की आवाजाही रहती है और सड़क रातभर चालू रहती है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।