फसल बचाने को ग्रामीणों ने लिया सख्त फैसला, खुले में मवेशी छोड़ने पर लगेगा जुर्माना

फसल बचाने को ग्रामीणों ने लिया सख्त फैसला, खुले में मवेशी छोड़ने पर लगेगा जुर्माना

डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी (धनबाद) : पूर्वी टुंडी प्रखंड के फतेहपुर गांव में खुले में छोड़े जा रहे मवेशियों से धान की फसल को हो रहे नुकसान से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को बैठक कर समस्या के समाधान पर चर्चा की। ग्रामीणों ने बताया कि मवेशियों के धान के खेतों में घुसने से किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। इसको लेकर आए दिन किसानों और मवेशी मालिकों के बीच विवाद की स्थिति बन रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, फसल को नुकसान पहुंचाने वाले मवेशी किसी बाहरी क्षेत्र से नहीं, बल्कि गांव के ही हैं। बावजूद इसके मवेशी मालिक अपने पशुओं की जिम्मेदारी नहीं लेते हैं। इससे किसानों को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि अब यदि किसी मवेशी के कारण किसान की फसल बर्बाद होती है तो संबंधित पशु मालिक पर जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों ने जरूरत पड़ने पर ऐसे मवेशियों को पहाड़ की ओर खदेड़ने का भी निर्णय लिया।

ग्रामीणों ने मवेशी मालिकों से अपील की कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें बांधकर रखें, ताकि किसानों की फसल को नुकसान से बचाया जा सके तथा गांव में आपसी विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top