राज्यस्तरीय डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ

राज्यस्तरीय डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ

डीजे न्यूज, धनबाद: टाटा डीएवी स्कूल, जामाडोबा में शुक्रवार को दो दिवसीय राज्यस्तरीय डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में झारखंड के कुल 27 डीएवी विद्यालयों की 46 टीमों के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय के प्राचार्य  अमिताभ दासगुप्ता ने किया। इस अवसर पर डीएवी अलकुसा के प्राचार्य  एस.के. मोदक, डीएवी पब्लिक स्कूल बरोरा के प्राचार्य शरद श्रीवास्तव, विद्यालय के खेल शिक्षक एच.सी. मिश्रा,  सिद्धार्थ अनुज एवं  मधुरेंद्र कुमार, अन्य शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों से आए टीम एस्कॉर्ट, खेल पदाधिकारी एवं रेफरी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं डीएवी गान से हुई। इसके बाद खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं निष्पक्षता की शपथ दिलाई गई। विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समारोह में उत्साह और उमंग का संचार किया।
उद्घाटन समारोह के पश्चात् सभी टीमों एवं उनके प्रशिक्षकों का अतिथियों से परिचय कराया गया। इसके बाद चार अलग-अलग वॉलीबॉल कोर्ट पर टॉस के साथ प्रतियोगिता के मुकाबले शुरू हुए।

प्रतियोगिता के प्रथम चरण में हुए मुकाबलों के परिणाम

अंडर-19 बालक: डीएवी पब्लिक स्कूल आरा-कुज्जू, रामगढ़ ने डीएवी पब्लिक स्कूल हेहल, राँची को हराया।
अंडर-19 बालिका: डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला ने डीएवी पब्लिक स्कूल इस्पात नगर को पराजित किया।
अंडर-17 बालक: डीएवी पब्लिक स्कूल सिल्ली, राँची के विरुद्ध डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी, बोकारो विजयी रहा।
अंडर-17 बालिका: डीएवी पब्लिक स्कूल खलारी ने पाकुड़ को पराजित किया।
अंडर-14 बालक: डीएवी पब्लिक स्कूल झींकपानी के विरुद्ध सिंदरी की टीम विजयी रही।
अंडर-14 बालिका: डीएवी पब्लिक स्कूल खलारी ने हेहल को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल देखने को मिला।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का महत्त्व इसलिए भी विशेष है कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चयनित विजेता टीमें आगामी राष्ट्रीय स्तर की डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। इससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्त्वपूर्ण अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता का समापन समारोह 22 अगस्त को होगा। इस अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल, शील्ड एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा तथा राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित टीमों को भी शुभकामनाएँ दी जाएँगी।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top