संचार क्रांति के जरिए राजीव गांधी ने आधुनिक भारत की नींव रखी: अनुपमा सिंह
डीजे न्यूज, धनबाद: भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर कांग्रेस नेत्री अनुपमा सिंह ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके योगदान और उपलब्धियों को याद किया।
अनुपमा सिंह ने कहा कि राजीव गांधी ने संचार और कंप्यूटर क्रांति के जरिए आधुनिक भारत की नींव रखी। उन्होंने देश को 21वीं सदी के लिए तैयार करने की दिशा में दूरदर्शी पहल की और विज्ञान, तकनीक तथा आधुनिक संचार व्यवस्था को विकास का महत्वपूर्ण आधार बनाया।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के कार्यकाल में दूरसंचार और कंप्यूटरीकरण को व्यापक प्रोत्साहन मिला। उनके प्रयासों ने भारत में तकनीकी बदलाव की ऐसी आधारशिला तैयार की, जिसका प्रभाव आने वाले वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था, शिक्षा, उद्योग धरातल में दिखाई दिया।
अनुपमा सिंह ने कहा कि राजीव गांधी युवाओं की शक्ति और प्रतिभा में गहरा विश्वास रखते थे। उन्होंने युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक सोच और तकनीकी दक्षता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने की पहल ने देश के युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक सक्रिय भागीदारी का अवसर दिया। पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में उनके प्रयासों ने भी लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने की सोच को आगे बढ़ाया।
अनुपमा सिंह ने कहा कि राजीव गांधी का सपना एक ऐसा भारत बनाने का था जो आधुनिक तकनीक से संपन्न हो, जिसकी युवा शक्ति सशक्त हो और जो वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाए। उनकी दूरदृष्टि ने भारत में तकनीकी और संचार क्षेत्र के विकास को नई गति दी।
उन्होंने कहा, “राजीव गांधी आधुनिक भारत के स्वप्नदृष्टा थे। उन्होंने समय से आगे की सोच के साथ देश को कंप्यूटर, दूरसंचार और तकनीकी विकास की राह पर आगे बढ़ाया। उनका योगदान भारत के विकास की यात्रा में हमेशा याद किया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के विचारों और उनके आधुनिक भारत के सपने को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने देशवासियों से उनके आदर्शों और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से प्रेरणा लेने का आह्वान किया ।