मध्य विद्यालय राधानगर में साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय

मध्य विद्यालय राधानगर में साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):  मध्य विद्यालय राधानगर में गुरुवार को पुलिस टीम की ओर से विद्यार्थियों के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और उन्हें इंटरनेट तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम में महुदा अंचल के पुलिस निरीक्षक रंजीत कुमार, मधुबन थाना प्रभारी शुभम कुमार एवं सहायक अवर निरीक्षक विकास कुमार मल्लिक ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध कॉल और संदेशों से सावधान रहने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल अपने अभिभावकों अथवा शिक्षकों को इसकी जानकारी दें और उचित माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर अपराध और उससे बचाव से संबंधित विभिन्न प्रश्न भी पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में उत्तर दिया।

इस अवसर पर पदुगोड़ा पंचायत के मुखिया महेश पटवारी, प्रधानाध्यापिका कुमारी रंभा, अनुराधा सिन्हा, रामानुज सिंह, नेहा कुमारी, हिमांशु कुमार, वासुदेव खवास, दिनेश कुमार महतो तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शंकर दास सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य लोग उपस्थित थे।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि डिजिटल दुनिया में जागरूकता और सावधानी ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top