खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो ने पीएम का पुतला दहन कर किया विरोध प्रदर्शन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) गिरिडीह पूर्वी, गिरिडीह पश्चिमी तथा झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन की क्षेत्रीय समिति की ओर से बुधवार को बनियाडीह में संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
मौके पर झामुमो केंद्रीय कमेटी के सदस्य दिलीप मंडल ने कहा कि केंद्र सरकार खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के माध्यम से झारखंड के हितों को प्रभावित करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधेयक लागू होने से राज्य को भारी आर्थिक नुकसान होगा और विकास कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को विधेयक के प्रावधानों की जानकारी देने और इसके खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया।
झारखंड युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कोलेश्वर सोरेन ने कहा कि केंद्रीय कमेटी के निर्देश का इंतजार है। निर्देश मिलते ही गिरिडीह की जनता के साथ झामुमो कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने दावा किया कि विधेयक से मंईयां सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन योजना, अबुआ आवास योजना और 200 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।
अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष चांद रसीद ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के विकास को रोकने का प्रयास कर रही है। वहीं जिला सह सचिव दिलीप रजक ने कहा कि गिरिडीह में विधेयक के खिलाफ जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
युवा मोर्चा के जिला संगठन सचिव मेहताब मिर्जा ने कहा कि आंदोलन के पहले चरण में झामुमो कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के बारे में जानकारी दे रहे हैं। लोगों को इसके संभावित प्रभावों से अवगत कराया जा रहा है।
झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन क्षेत्रीय कमेटी गिरिडीह के अध्यक्ष हरगौरी साव छक्कू और सचिव तेजलाल मंडल ने कहा कि यदि केंद्र सरकार खनिज संशोधन विधेयक वापस नहीं लेती है तो गिरिडीह से एक छटाक कोयला बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।
कार्यक्रम में गिरिडीह पूर्वी प्रखंड अध्यक्ष प्रधान मुर्मू, सचिव सरफ्फूदीन अंसारी, गिरिडीह पश्चिमी प्रखंड अध्यक्ष अनवर अंसारी, अर्जुन रवानी, नरेश यादव, प्रकाश यादव, नारायण दास, जगत पासवान, सीताराम मांझी, चुड़का हांसदा, किशोर राम, सुरेंद्र दास, खुबलाल दास, सुनील दास, मनोज मंडल, सचिन वर्मा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।