जिप अध्यक्ष से मिलीं जेएसएलपीएस की महिलाएं, समस्याओं से कराया अवगत
डीजे न्यूज, धनबाद: जेएसएलपीएस की महिलाओं ने बुधवार को जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह से उनके कार्यालय में मुलाकात की। महिलाओं ने अपनी समस्याओं और कम मानदेय से जुड़ी परेशानियों से जिप अध्यक्ष को अवगत कराया। महिलाओं ने बताया कि वे सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और उनके क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। पूरे दिन मेहनत और जिम्मेदारियों के बावजूद उन्हें मिलने वाला मानदेय काफी कम है।
जिप अध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल से फोन पर बातचीत की। उन्होंने महिलाओं की समस्याओं से अवगत कराते हुए मानदेय बढ़ाने की दिशा में पहल का आग्रह किया। साथ ही, मानदेय में बढ़ोतरी एवं समस्याओं के समाधान को लेकर संबंधित विभाग को पत्र भी लिखा।
सीईओ ने बताया कि मानदेय एवं अन्य समस्याओं की समीक्षा के लिए कमिटी गठित की गई है। शारदा सिंह ने कहा कि इन महिलाओं के योगदान और जिम्मेदारियों को देखते हुए उन्हें उचित एवं सम्मानजनक मानदेय मिलना चाहिए।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की इस जायज मांग को लेकर वे आगे भी मजबूती से आवाज उठाती रहेंगी।
इस दौरान सावित्री सिंह, अंजू महतो, प्रीति कुमारी, ममता महतो, रीना महतो, इंदु कुमारी, राखी देवी, ललिता देवी, गुड़िया कुमारी, प्रेमा देवी, आरती देवी, कुसुम देवी, पूनम देवी, रीना देवी एवं ममता कुमारी उपस्थित थीं।