उप विकास आयुक्त ने की जल जीवन मिशन सहित अन्य योजनाओं के प्रगति की समीक्षा
डीजे न्यूज, धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने मंगलवार को निरसा प्रखंड अंतर्गत विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर जल जीवन मिशन के अंतर्गत सोलर जल मीनार एवं आंगनवाड़ी केंद्र के उन्नयन कार्य की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत बोलडीह ग्राम में 80 हाउसहोल्ड के लिए सोलर जल मीनार एवं नल-जल आपूर्ति की व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ में पीएचईडी के सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता को शीघ्र स्थल निरीक्षण कर प्राक्कलन तैयार करने तथा सभी 80 घरों में नल के माध्यम से जलापूर्ति शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
तत्पश्चात उप विकास आयुक्त जसपुर ग्राम पहुंचे। जहां जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जलसहिया को मुखिया के साथ समन्वय स्थापित कर ग्राम स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही, जलापूर्ति व्यवस्था के रख-रखाव एवं भविष्य में होने वाली मरम्मत के लिए जलकर की व्यवस्था शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रारंभिक रूप से ₹5–₹10 प्रति माह जलकर से शुरुआत करने पर जोर दिया, ताकि छोटी-मोटी मरम्मत एवं रख-रखाव के लिए किसी बाहरी सहायता पर निर्भरता न रहे।
इसी क्रम में पक्तोरिया मोड़ आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां पुराने भवन को स्मार्ट मोडल आंगनबाड़ी के रूप में विकसित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान केंद्र की बेहतर पहुंच एवं परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाउंड्री वॉल एवं एप्रोच रोड के निर्माण के लिए उप विकास आयुक्त ने आवश्यक निर्देश दिए।