धनबाद रेलवे स्टेशन परिसर में कांवरियों के बीच पेयजल वितरित
डीजे न्यूज, धनबाद: विभिन्न सामाजिक संस्था की ओर से श्रावण मास के पावन अवसर पर कांवियों की सेवा और सुविधा के उद्देश्य से सोमवार को धनबाद रेलवे स्टेशन परिसर में कांवरियों के बीच पेयजल वितरण किया गया।लंबी यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को पानी उपलब्ध कराकर उन्हें राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया। श्रद्धालुओं ने सेवा कार्य की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
आयोजकों ने कहा कि श्रावण मास आस्था, सेवा और समर्पण का पवित्र महीना है। कांवड़ यात्रियों की सेवा करना धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एवं मानवीय दायित्व भी है। इसी सेवा भावना के साथ कांवड़ सेवा-2026 का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में आर्या देव समर्पण सेवा फाउंडेशन, मैं हूं धनबाद, धनबाद रेल मंडल, प्रीति कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड एवं पुणा महतो सेवा संस्था की सहभागिता रही। इस अवसर पर धनबाद रेलवे स्टेशन के रेलवे अधिकारी एवं रेलकर्मी भी उपस्थित रहे, जिनका कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग मिला।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से खुशवंत कुमार, पूजा रत्नाकर, गुरमीत सिंह, दीपक रवानी,रीता चौधरी, चंदन, कुबेर सिंह, समेन्द्र, सावन प्रसाद, सिद्धार्थ, गौतम रवानी,सचिन एवं संजीत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि कांवड़ सेवा-2026 के माध्यम से श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सेवा एवं सुविधा के लिए आगे भी सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे। भगवान भोलेनाथ के भक्तों की सेवा और सहयोग का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।