धनबाद स्टेशन पर 6.18 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद रेलवे स्टेशन पर स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन NARCOS के तहत टीम ने धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 के कालका छोर से एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 6 किलो 180 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 9 हजार रुपये बताई जा रही है।
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन और सहायक सुरक्षा आयुक्त के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट धनबाद और सीआईबी की संयुक्त टीम स्टेशन क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 के कालका छोर पर एक संदिग्ध युवक को काले रंग के पिट्ठू बैग के साथ पकड़ा गया।
तलाशी लेने पर बैग से 6 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 6.180 किलोग्राम पाया गया। इसके अलावा युवक के पास से एक कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपना नाम गणेश सिंह, उम्र 28 वर्ष, पिता विजय सिंह, निवासी मेरखो गुंडी कला, थाना जमुआ, जिला गिरिडीह बताया।
आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ में गणेश सिंह ने बताया कि उसके दोस्त दीपक कुमार, निवासी केंदुआडीह धनबाद, ने उसे यह गांजा धनबाद से हजारीबाग रोड स्टेशन तक पहुंचाने के लिए दिया था। हजारीबाग रोड स्टेशन पहुंचने के बाद गांजा किसी अन्य व्यक्ति को सौंपा जाना था। इसके एवज में गणेश को 5 हजार रुपये मिलने थे। मौके पर राजपत्रित अधिकारी सहायक सुरक्षा आयुक्त की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी की गई और बरामद गांजे को जब्त कर लिया गया।
मामले में आरपीएफ की लिखित शिकायत के आधार पर जीआरपी धनबाद में कांड संख्या 151/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने NDPS Act की धारा 20(b)(ii)(B)/29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी अवर निरीक्षक हरीश चंद्र लकड़ा को दी गई है। गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास तकनीकी खराबी के कारण ICJS से तत्काल जांच नहीं किया जा सका।
फिलहाल पुलिस और RPF यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।