जेपीएससी-जेएसएससी घोटाले की सीबीआई जांच को लेकर भाजपा ने सीएम आवास घेरा
बाबूलाल मरांडी व आदित्य साहू समेत अन्य विधायक गिरफ्तार
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड के युवाओं के भविष्य और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ भाजपा ने सोमवार को राजधानी रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। जेपीएससी-जेएसएससी महाघोटाले की सीबीआई जांच और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, झरिया विधायक रागिनी सिंह, जमशेदपुर पूर्व की पूर्व विधायक पूर्णिमा दास साहू, मधु कोड़ा सहित भाजपा के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस कार्रवाई के बावजूद कार्यकर्ताओं में आक्रोश बना रहा और उन्होंने युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दे पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
वक्ताओं ने कहा कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षाओं की निष्पक्षता और युवाओं के अधिकारों से जुड़े इस गंभीर मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच जरूरी है।
विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों से सबसे ज्यादा नुकसान उन युवाओं का होता है, जो वर्षों तक मेहनत कर सरकारी नौकरी की तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को जवाब चाहिए और उनकी मेहनत के साथ न्याय होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकार और उनके भविष्य की लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी। जब तक इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने “हेमंत सोरेन इस्तीफा दो” और “JPSC-JSSC की CBI जांच कराओ” जैसे नारे लगाते हुए सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और सरकार पर जांच को लेकर दबाव बनाया जाएगा।