जमीन के मुआवजे को लेकर दो पक्षों में खूनी झड़प, आठ घायल; एक धनबाद रेफर
डीजे न्यूज, पचंबा, गिरिडीह : पचम्बा थाना क्षेत्र की रानीखावा पंचायत अंतर्गत कोलहरिया गांव में जमीन के मुआवजे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच तलवार, फरसा और लाठी-डंडे चलने से आठ लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
बताया गया कि जमीन के मुआवजे को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान तलवार, फरसा और लाठी-डंडे से एक-दूसरे पर हमला किया गया, जिसमें दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के कारणों और घटना में शामिल लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले को लेकर गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की नजर बनी हुई है।