ग्रामीणों के विरोध के बाद चिरकीडीह गली से हटाई गई शराब दुकान, मुख्य सड़क पर होगी शिफ्ट
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह): पीरटांड़ बाजार से चिरकीडीह जाने वाली गली में संचालित सरकारी शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों के आंदोलन का असर अब दिखने लगा है। स्थानीय लोगों के लगातार विरोध और धरना-प्रदर्शन के बाद शराब दुकान को गली से हटाने का निर्णय लिया गया है। अब दुकान को मुख्य सड़क पर संचालित किए जाने की सूचना है।
चिरकी पंचायत के मुखिया सोमरा हेंब्रम ने शनिवार को बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि गली में संचालित सरकारी शराब दुकान को हटा दिया गया है। दुकान को अब मुख्य सड़क पर स्थानांतरित किया जाएगा।
ग्रामीणों के अनुसार, चिरकीडीह जाने वाली गली में पिछले कई वर्षों से शराब की दुकान संचालित हो रही थी। पहले यह क्षेत्र अपेक्षाकृत कम आबादी वाला था, लेकिन समय के साथ यहां पारिवारिक आवास बढ़ गए। गली में बच्चों और बच्चियों के साथ महिलाओं का भी नियमित आवागमन होता है। ऐसे में शराब दुकान के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
दुकान हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कई बार आवाज उठाई, लेकिन समाधान नहीं होने पर आंदोलन का रास्ता अपनाया। पीरटांड़ प्रमुख सबिता टुडू, चिरकी मुखिया सोमरा हेंब्रम और भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्याम प्रसाद के नेतृत्व में ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया और शराब दुकान को गली से हटाने की मांग की। विरोध के दौरान दुकान को बंद भी कराया गया था।
आंदोलन के बाद अब शराब दुकान को गली से हटाने की सूचना मिलने से स्थानीय लोगों में राहत है। मुखिया सोमरा हेंब्रम ने बताया कि दुकान को मुख्य सड़क पर स्थानांतरित किए जाने की जानकारी मिली है। ग्रामीणों ने इसे अपने आंदोलन की सफलता बताया है।