जनगणना हस्तपुस्तिका निर्माण के लिए आयोजित चार दिवसीय प्रशिक्षण का समापन

जनगणना हस्तपुस्तिका निर्माण के लिए आयोजित चार दिवसीय प्रशिक्षण का समापन

डीजे न्यूज, धनबाद: बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय में चल रहे जिला जनगणना हस्तपुस्तिका निर्माण संबंधी चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शनिवार को हुआ।

इस दौरान धनबाद जिले के 10 ग्रामीण एवं 2 शहरी चार्जों के चार्ज पदाधिकारियों तथा उनके द्वारा नामित ग्राम एवं नगर अधिकारियों ने प्रशिक्षण में भाग लिया। ग्रामीण चार्जों के लिए ग्राम निर्देशिका एवं शहरी चार्जों के लिए नगर निर्देशिका के निर्माण, आंकड़ों के संकलन, सत्यापन एवं ऑनलाइन प्रविष्टि से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।

जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड के राष्ट्रीय प्रशिक्षक मुरारी मोहन ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन एवं ऑनलाइन प्रविष्टि के माध्यम से विभिन्न मॉड्यूलों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उनके सहयोगी रवि कुजूर ने भी प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। जबकि सांख्यिकी विभाग के राजीव कुमार एवं राज कुमार ने धनबाद के धरातलीय संदर्भ में कार्य के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु मार्गदर्शन दिया।

वहीं जिला जनगणना कोषांग के मास्टर ट्रेनर पुष्कर चंद्र झा ने जिला जनगणना हस्तपुस्तिका निर्माण की भूमिका एवं चार्ज स्तर पर इसके क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। तकनीकी विशेषज्ञ कुलदीप ने पोर्टल पर ऑनलाइन कार्य तथा श्री नीरज कुमार प्रसाद ने आंकड़ों के सत्यापन एवं समन्वय से संबंधित जानकारी दी।  समापन अवसर पर  घनश्याम दुबे ने प्रतिभागियों से फीडबैक प्राप्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

प्रशिक्षण के सफल आयोजन एवं प्रबंधन में देवेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार सहित अन्य कर्मियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

चार दिवसीय प्रशिक्षण ने जिला जनगणना हस्तपुस्तिका निर्माण के आगामी कार्यों के लिए सभी प्रतिभागियों को आवश्यक ज्ञान, तकनीकी दक्षता एवं कार्य-दिशा प्रदान की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top