मोक्ष सप्तमी से पहले पारसनाथ पर्वत पर स्वच्छता अभियान तेज, 300 डस्टबिन से कचरा प्रबंधन की व्यवस्था

मोक्ष सप्तमी से पहले पारसनाथ पर्वत पर स्वच्छता अभियान तेज, 300 डस्टबिन से कचरा प्रबंधन की व्यवस्था

डीजे न्यूज, गिरिडीह: आगामी मोक्ष सप्तमी को देखते हुए श्री शिखरजी स्वच्छता समिति ने 1 अगस्त से पारसनाथ पर्वत के वंदना मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत प्रतिदिन वंदना मार्ग की साफ-सफाई कर तीर्थयात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और पवित्र वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति श्रद्धालुओं को जागरूक करने के उद्देश्य से वंदना मार्ग पर लगभग 300 डस्टबिन लगाए गए हैं। इनमें श्रद्धालु प्लास्टिक के थैले, पानी की खाली बोतलें और अन्य कचरा डाल सकते हैं। डस्टबिनों में एकत्रित कचरे को नियमित रूप से वाहन के माध्यम से पर्वत के नीचे स्थित कचरा संग्रहण केंद्र तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत पर्वत पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की जाएगी कि वे पारसनाथ पर्वत की धार्मिक गरिमा, पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखने में सहयोग करें तथा प्लास्टिक और अन्य कचरा इधर-उधर न फैलाएं।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पारसनाथ पर्वत विश्व प्रसिद्ध एवं अत्यंत पवित्र धार्मिक तीर्थस्थल है। इसकी स्वच्छता, पवित्रता और प्राकृतिक पर्यावरण का संरक्षण प्रत्येक श्रद्धालु की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से ही तीर्थ की गरिमा और पर्यावरण दोनों को सुरक्षित रखा जा सकता है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top