अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रोफेसर ने प्रस्तुत किया चंद्रमा पर शोध

अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रोफेसर ने प्रस्तुत किया चंद्रमा पर शोध

डीजे न्यूज, धनाबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के एप्लाइड जियोफिजिक्स विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर प्रो. सौरभ दत्ता गुप्ता ने हाल ही में जापान के फुकुओका में आयोजित प्रतिष्ठित एशिया ओशिनिया जियोसाइंसेज सोसायटी (एओजीएस) सम्मेलन में भाग लेकर चंद्रमा की सतह के नीचे की संरचना से जुड़े अपने शोध कार्य को प्रस्तुत किया। सम्मेलन के दौरान उन्होंने एक तकनीकी सत्र की अध्यक्षता करने के साथ-साथ एक अन्य सत्र में सह-अध्यक्ष की भी भूमिका निभाई।

प्रो. गुप्ता ने “कैप्चर द जियोमैकेनिकल प्रॉपर्टी इन द शैलो सबसरफेस ऑफ द मून बेस्ड ऑन वेवफॉर्म एनालिसिस” विषय पर अपना शोध प्रस्तुत किया। यह शोध फिजिकल रिसर्च लेबोरेटरी (पीआरएल) और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के साथ चल रही संयुक्त शोध परियोजना का हिस्सा है। इस अध्ययन में वेवफॉर्म एनालिसिस के माध्यम से चंद्रमा की सतह के नीचे की जियोमैकेनिकल विशेषताओं का अध्ययन किया गया है।

सम्मेलन में प्रो. गुप्ता ने “सरफेस साइंस एंड एक्सप्लोरेशन ऑफ द मून एंड एयरलेस प्लैनेटरी बॉडीज इंक्लूडिंग वॉलेटाइल्स, आईएसआरयू एंड हैबिटेट” विषयक तकनीकी सत्र के सह-अध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई।

एओजीएस पृथ्वी एवं अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र का एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच है, जहां अमेरिका, यूरोप और एशिया के कई प्रमुख वैज्ञानिक अपने शोध कार्य प्रस्तुत करते हैं। प्रो. गुप्ता की सक्रिय भागीदारी आईआईटी (आईएसएम) धनबाद की वैश्विक शोध जगत में बढ़ती पहचान तथा ग्रह विज्ञान के क्षेत्र में संस्थान के योगदान को रेखांकित करती है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top