चिकित्सक के इंतजार में बैठे रहे मरीज, पीरटांड़ सीएचसी की स्वास्थ्य व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

चिकित्सक के इंतजार में बैठे रहे मरीज, पीरटांड़ सीएचसी की स्वास्थ्य व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह): पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मरीजों की परेशानी लगातार बनी हुई है। हाल ही में प्रसव कक्ष में अवैध रूप से पैसे लेने का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए थे। इसके बावजूद शुक्रवार को भी अस्पताल में व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार देखने को नहीं मिला।

शुक्रवार को चिकित्सा प्रभारी डॉ. शशिकांत प्रसाद विभागीय फाइलों के निपटारे में व्यस्त रहे, जबकि ओपीडी में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं दिखा। ओपीडी के बाहर कई मरीज इलाज के लिए चिकित्सक का इंतजार करते रहे। मरीजों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर उनकी पर्ची तो बन गई, लेकिन चिकित्सक के नहीं रहने के कारण उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

अस्पताल में भर्ती एक महिला मरीज के बेड पर चादर नहीं होने से भी अस्पताल की साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं पर सवाल खड़े हो गए।

इस संबंध में पूछे जाने पर चिकित्सा प्रभारी डॉ. शशिकांत प्रसाद ने बताया कि चिकित्सक ओपीडी में मौजूद थे, लेकिन भोजन करने गए हैं। हालांकि उस समय दोपहर के करीब 2:45 बजे थे और ओपीडी में चिकित्सक की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

अस्पताल में लगातार सामने आ रही अव्यवस्थाओं से मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल की व्यवस्था में सुधार और नियमित चिकित्सकीय सेवाएं सुनिश्चित करने की मांग की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top