किकबॉक्सिंग विश्वकप के लिए चयनित खिलाड़ी ने किया सीएमडी से मुलाकात
सीएमडी ने आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करने के लिए किया प्रोत्साहित
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड एमेच्योर स्पोर्ट्स किकबॉक्सिंग एसोसिएशन की मनदीप कौर और राजदीप कौर ने शुक्रवार को कोयला भवन मुख्यालय में बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल से मुलाकात की। दोनों खिलाड़ी का चयन 13 से 18 अक्टूबर तक उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित होने वाले किकबॉक्सिंग विश्व कप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए दोनों खिलाड़ियों की इस यात्रा में सहयोग करते हुए, बीसीसीएल ने इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में उनकी भागीदारी के लिए प्रायोजन सहायता प्रदान की है।
सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने खिलाड़ियों को उनके चयन पर बधाई दी। उन्हें आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया और प्रतियोगिता में सफलता की कामना की। सीएमडी ने कहा कि खेल प्रतिभाओं के लिए अपने निरंतर समर्थन के माध्यम से, बीसीसीएल खिलाड़ियों को सशक्त बनाने और खेलों में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि झारखंड और राष्ट्र को गौरव प्राप्त हो सकें।