मतदाता जागरूकता अभियान में शिक्षण संस्थानों की होगी अहम भूमिका

मतदाता जागरूकता अभियान में शिक्षण संस्थानों की होगी अहम भूमिका

डीजे न्यूज गिरिडीह : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत जिले में युवा मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने समाहरणालय सभाकक्ष में विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, प्लस-टू विद्यालयों, शिक्षक प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के नोडल पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मतदाता जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने तथा पात्र विद्यार्थियों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में उप विकास आयुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। सभी शिक्षण संस्थान यह सुनिश्चित करें कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अथवा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले कोई भी पात्र छात्र-छात्रा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहें। उन्होंने 5 अगस्त को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची का व्यापक अवलोकन कराने और छूटे हुए विद्यार्थियों का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने ELC नोडल पदाधिकारियों से अपने संस्थानों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, संवाद और विशेष अभियान चलाने, मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा दावा-आपत्ति की समय-सीमा की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाने को कहा। साथ ही पात्र विद्यार्थियों की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई। सभी शिक्षण संस्थानों से नामांकित विद्यार्थियों की संख्या, पात्र मतदाताओं की संख्या, मतदाता सूची में शामिल विद्यार्थियों का विवरण तथा शेष विद्यार्थियों के पंजीकरण की अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी संस्थानों से जिला निर्वाचन शाखा के साथ समन्वय बनाकर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक में अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी पायल राज सहित जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के ELC नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top