विशेष शिविर में हाथों-हाथ मिले जाति, आय व निवास प्रमाण पत्र

डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी, धनबाद :

उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर पूर्वी टुंडी अंचल के मोहलीडीह पंचायत भवन में विशेष शिविर लगाकर छात्रों व ग्रामीणों को हाथों-हाथ जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया। पूर्वी टुंडी के अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल की देखरेख में आयोजित यह शिविर तीन से सात अगस्त तक चलेगा। शिविर में अंचल निरीक्षक चंदन कुमार सिंह, राजस्व कर्मचारी नवीन कुमार सिन्हा और कंप्यूटर ऑपरेटर राजेंद्र कुमार ने आवेदनों की तत्काल जांच की। दस्तावेज सही मिलने पर मौके पर ही प्रमाण पत्र जारी कर आवेदकों को प्रिंट कॉपी सौंप दी गयी। एक स्थानीय युवक को महज दो घंटे में जाति प्रमाण पत्र मिल गया। इससे उत्साहित युवक ने अन्य ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं से भी शिविर का लाभ उठाने की अपील की। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से छात्रों का समय और पैसा दोनों बचेगा तथा छात्रवृत्ति और अन्य शैक्षणिक कार्यों में सुविधा मिलेगी। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि संतलाल बाबा, आजसू नेता काजल कुमार, वार्ड सदस्य, ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top