एसएफआई एवं डीवाईएफआई ने निकाली प्रतिरोध रैली
डीजे न्यूज, रांची: जेपीएससी-जेएसेससी परीक्षाओं में धांधली के विरोध में एसएफआई एवं डीवाईएफआई ने संयुक्त रूप से बुधवार को रैली निकाल विरोध जताया। रैली की शुरुआत रांची विश्वविद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई और अल्बर्ट एक्का चौक पर सभा आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता बुधराम उरांव ने की। एसएफआई की ओर से दानिश, अमन, सोनाली और ओजस्वी राज ने संबोधित किया। अपने वक्तव्य में उन्होंने जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों की जायज़ मांगों, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। डीवाईएफआइ की ओर से राज्य संयोजक मोहन मंडल ने कहा कि आज जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्रों – युवाओं के आन्दोलन में सरकार चुप्पी साधे हुए हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि इस सरकार की भी इन परीक्षाओं में हुई धांधली में संलिप्तता है। अगर यह बात नहीं है तो हेमंत सरकार अविलंब छात्रों के बीच जाकर वार्ता करें। जेपीएससी की पीटी रद्द करते हुए पुनः परीक्षा लेते हुए परीक्षा परिणाम में पारदर्शिता लाने तथा 2001 से अभी तक के सभी परीक्षाओं की एक कमिटी गठित कर जांच कराते हुए दोषियों पर कानूनी कारवाई की मांग की। एसएफआई के पूर्व साथी रंजीत मोदक ने सभा को संबोधित करते हुए छात्रों – युवाओं के रोजगार और शिक्षा पर जोर दिया और कहा कि आज शिक्षा अमीरों के लिए हो गयी है गरीबों के लिए नहीं है। इसलिए शिक्षा परीक्षा के परिणाम को पारदर्शी करना बहुत जरूरी है ताकि गरीब अमीर का शिक्षा के क्षेत्र में सामानता हो। यह सिर्फ अभ्यर्थियों का नहीं, पूरे राज्य के छात्र युवाओं के भविष्य की रक्षा का आंदोलन है। इस कार्यक्रम में भारत की जनवादी नौजवान सभा के रांची जिला सचिव कपिल महतो, अमित मुंडा, कीर्ति सिंह मुंडा, विकास सिंह मुंडा आशीष कुमार सिंहा, उतम मंडल, करण चक्रवर्ती, बिगल उरांव के अलावे सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।