पहली सोमवारी पर दुखहरण नाथ में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर

पहली सोमवारी पर दुखहरण नाथ में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर

डीजे न्यूज, गिरिडीह : श्रावण मास की पहली सोमवारी पर गिरिडीह शहर से करीब आठ किलोमीटर दूर उत्तरवाहिनी उसरी नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध दुखहरण नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह पांच बजे से ही भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। पूरा परिसर “हर-हर महादेव” और “बोल-बम” के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी उसरी नदी से जल भरकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की प्रार्थना की। सावन की पहली सोमवारी होने के कारण बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर पहुंचने लगे थे।

मंदिर के पुजारी पप्पू पंडित ने बताया कि पहली सोमवारी पर हर वर्ष हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए दुखहरण नाथ मंदिर आते हैं। उत्तरवाहिनी नदी के तट पर स्थित होने के कारण इस मंदिर का विशेष धार्मिक महत्व है। ऐसी मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य पूरी होती है और भगवान शिव भक्तों के दुखों का निवारण करते हैं। इसी वजह से भगवान शिव यहां दुखहरण नाथ और दुखिया महादेव के नाम से भी श्रद्धापूर्वक पूजे जाते हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर मंदिर प्रबंधन समिति तथा पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मी व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सहायता में तैनात रहे। वहीं मंदिर समिति ने जलाभिषेक के लिए कतारबद्ध व्यवस्था के साथ प्राथमिक चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई, जिससे श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से बाबा का जलाभिषेक किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top