झरिया व आसपास की खबरें:-

झरिया व आसपास की खबरें:-

जेएफसीआई की नई व्यवस्था से 200 मजदूरों पर बेरोजगारी का संकट

अनुपमा सिंह से लगाई गुहार

डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): झारखंड राज्य खाद्य निगम (JSFC) के बरमसिया, बाघमारा, कांडरा एवं सिंदरी गोदामों में वर्षों से कार्यरत मजदूरों ने नई व्यवस्था के कारण रोजगार पर मंडरा रहे संकट को लेकर पूर्व राकोमयू के कार्यकारी अध्यक्ष अनुपमा सिंह को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की है। मजदूरों का कहना है कि वे पिछले लगभग 50 वर्षों से इन गोदामों में खाद्यान्न की लोडिंग-अनलोडिंग सहित विभिन्न कार्यों से जुड़े हैं और इसी रोजगार से उनके परिवारों का भरण-पोषण होता है। उनका आरोप है कि अगस्त 2026 से विभाग ने राशन उठाव की व्यवस्था में बदलाव करते हुए बरमसिया, बाघमारा, कांडरा और सिंदरी गोदामों के बजाय सीधे भारतीय खाद्य निगम (FCI) के धनबाद गोदाम से खाद्यान्न उठाव शुरू कर दिया है।
मजदूरों के अनुसार इस फैसले से चारों गोदामों में कार्यरत करीब 200 मजदूरों के सामने रोजगार का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि पूर्व की व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो सैकड़ों मजदूर बेरोजगार हो जाएंगे और उनके परिवारों के समक्ष आर्थिक एवं भुखमरी जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।
ज्ञापन के माध्यम से मजदूरों ने अनुपमा सिंह से इस मामले को संबंधित विभाग और राज्य सरकार के समक्ष उठाकर पूर्व व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है, ताकि सभी मजदूरों का रोजगार सुरक्षित रह सके। राजेश राम, नेपाली राव, सुरेंद्र राम,  सहदेव यादव,  ललमनी राम , दामोदर यादव, पवन राम,  मनोहर यादव ,शंकर यादव,  विक्रम यादव,  साजन राम आदि थे।
——————————————-

जामाडोबा में श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ भव्य दीप गायत्री महायज्ञ

झरिया: गायत्री परिवार के तत्वावधान में जामाडोबा शास्त्री नगर स्थित सरस्वती मंदिर परिसर में भव्य दीप गायत्री महायज्ञ का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर दीप यज्ञ में आहुति अर्पित की तथा परिवार, समाज, राष्ट्र और विश्व के सुख, शांति, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
वैदिक मंत्रोच्चार, दीपों की दिव्य आभा और भक्ति संगीत से पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने गायत्री महायज्ञ के माध्यम से नैतिक मूल्यों, संस्कारों और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
आयोजन को सफल बनाने में लता जायसवाल,  राजकुमारी, खुशबू यादव, विभूति सिंह तथा कैलाश यादव का सराहनीय योगदान रहा। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top