बझ्झर धाम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ संपन्न, 20 श्रद्धालुओं ने ली दीक्षा
डीजे न्यूज, गांडेय (गिरिडीह): गांडेय स्थित बझ्झर धाम मंदिर परिसर में रविवार को आयोजित पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ श्रद्धा और भक्तिभाव के वातावरण में संपन्न हो गया। महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गायत्री परिवार के सदस्यों ने भाग लेकर वैदिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई।
महायज्ञ का संचालन गिरिडीह गायत्री शक्तिपीठ से पहुंची कार्यकर्ताओं की टोली ने पूनम गुप्ता के नेतृत्व में किया। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ हवन-पूजन संपन्न कराया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
इस दौरान 20 श्रद्धालुओं ने गायत्री दीक्षा ग्रहण की, जबकि पांच बच्चों का विद्यारंभ संस्कार कर उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गांडेय के गायत्री परिवार के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक एवं संस्कारात्मक कार्यक्रम समाज में आध्यात्मिक जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।