प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को कांग्रेस ने मतदाताओं से की नाम सत्यापन की अपील

प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को

कांग्रेस ने मतदाताओं से की नाम सत्यापन की अपील

डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। 5 अगस्त से प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होने के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू होगी, जो 4 सितंबर तक चलेगी। इसे लेकर कांग्रेस पार्टी भी पूरी तरह सक्रिय हो गई है और मतदाताओं से अपने-अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील कर रही है।

कांग्रेस नेता एवं बीएलए-2 कार्तिक हाड़ी ने क्षेत्र के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर नया नाम जुड़वाएं। जिन मतदाताओं को किसी नाम पर आपत्ति दर्ज करनी है, वे फॉर्म-7 का उपयोग करें, जबकि नाम, पता या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर फॉर्म-8 भरकर अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा करें।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण है कि वह 5 अगस्त को अपने मतदान केंद्र पर जाकर प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचे। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या कमी हो तो 5 अगस्त से 4 सितंबर के बीच दावा एवं आपत्ति दर्ज कर अपने मताधिकार को सुरक्षित करें।

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों की जांच एवं उनके निपटारे की प्रक्रिया 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद सभी प्रक्रियाएं पूरी होने पर 7 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

कार्तिक हाड़ी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं, अपने नाम की पुष्टि करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top