तेलोडीह के 30 किसानों के बीच मूंग के बीज का वितरण
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह प्रखंड की तेलोडीह पंचायत में कृषि विभाग की ओर से किसानों के बीच मूंग बीज का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम के तहत पंचायत के लगभग 30 किसानों को दलहन फसल की खेती के लिए मूंग बीज उपलब्ध कराया गया।
बीज वितरण का उद्देश्य किसानों को दलहन उत्पादन के प्रति प्रोत्साहित करना, खेती की लागत कम करना और उनकी आय में वृद्धि करना है। कृषि विभाग का मानना है कि दलहन फसलों के उत्पादन से न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से मूंग की खेती करने, समय पर बुआई, संतुलित उर्वरक के उपयोग और फसल की उचित देखभाल करने की सलाह दी। उन्होंने किसानों से विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए बीज का सदुपयोग कर अधिक उत्पादन प्राप्त करने की अपील की।