नई नीति के विरोध में जीएफसीआई मजदूरों का आंदोलन तेज धरना स्थल पहुंचे विधायक जयराम महतो

नई नीति के विरोध में जीएफसीआई मजदूरों का आंदोलन तेज

धरना स्थल पहुंचे विधायक जयराम महतो

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्थित जीएफसीआई गोदामों में कार्यरत मोटिया मजदूर नई अनाज वितरण नीति के विरोध में पिछले सात दिनों से रणधीर वर्मा चौक पर अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे हैं। नई व्यवस्था के तहत अब एफसीआई गोदाम से सीधे पीडीएस दुकानदारों तक अनाज पहुंचाया जाएगा। इससे प्रखंड स्तर के जीएफसीआई गोदामों में अनाज की लोडिंग-अनलोडिंग और परिवहन का कार्य करने वाले सैकड़ों मजदूरों के सामने बेरोजगारी का संकट खड़ा हो गया है।
धरना स्थल पर पहुंचे डुमरी विधायक जयराम महतो ने मजदूरों का समर्थन करते हुए कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल मजदूरों से बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को इस नई नीति पर पुनर्विचार करना चाहिए। यदि मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे इस मुद्दे को झारखंड विधानसभा में मजबूती से उठाएंगे।

वही धरना पर बैठे मजदूर दामोदर यादव ने बताया कि वे वर्षों से जीएफसीआई गोदामों में एफसीआई से आने वाले अनाज की अनलोडिंग, गोदाम से पीडीएस दुकानदारों के लिए लोडिंग और आपूर्ति का कार्य करते रहे हैं। नई नीति लागू होने से उनका रोजगार छिनने की स्थिति बन गई है। मजदूरों ने सरकार से पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा। धर्म स्थल पर दामोदर यादव मोटीयां मजदूर  से मदन राम, उपाध्यक्ष झामुमो भी मिलने पहुंचे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top