उपायुक्त ने किया मुख्यमंत्री दाल भात केंद्रों का औचक निरीक्षण
सुविधाओं को बेहतर बनाने, आगंतुकों का डेटा संधारित करने के दिए निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने मंगलवार को सदर अस्पताल, कोहिनूर मैदान, बरटांड बस स्टैंड सहित शहर में संचालित अन्य मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता, साफ सफाई, सिटिंग व्यवस्था तथा वितरण प्रणाली का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मुख्यमंत्री दाल भात केंद्र की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जन उपयोगी बनाने के उद्देश्य से दाल भात केंद्र में भोजन के लिए आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की प्रविष्टि, मोबाइल नंबर व आधार कार्ड नंबर सहित, सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि योजना का लाभ सही और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे, इसके लिए व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। साथ ही भोजन की पौष्टिकता एवं स्वच्छता में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने की संचालक को हिदायत दी।
उन्होंने केंद्र पर पीने का शुद्ध पानी, बैठने की समुचित व्यवस्था और परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की आम नागरिकों को एक सम्मानजनक और स्वच्छ माहौल में भोजन उपलब्ध कराने की इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग को रियायती दर पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा समय-समय पर ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन के साथ उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार व अन्य लोग मौजूद थे।