सांसदों से मुलाकात कर बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी की पहल
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट एवं जस्ट राइट फार चिल्ड्रेन अभियान से जुड़े प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में धनबाद के सांसद ढुलू महतो, गिरिडीह के सांसद सी. पी. चौधरी तथा पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार के सांसद मनोज तिग्गा से शिष्टाचार भेंट कर बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण, बच्चों की सुरक्षा तथा उनके अधिकारों को सशक्त बनाने के विषय पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की।
मुलाकात के दौरान तीनों सांसदों ने बाल विवाह उन्मूलन, बच्चों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग और सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा एवं सुरक्षित बचपन सुनिश्चित करना समाज और सरकार की साझा जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के संस्थापक एवं बाल अधिकार कार्यकर्ता शंकर रवानी, सहयोगिनी संस्था के गौतम सागर तथा बाल अधिकार कार्यकर्ता वैजनाथ उपस्थित रहे।
शंकर रवानी ने कहा कि हमारा सामूहिक संकल्प है कि प्रत्येक बच्चा सुरक्षित, शिक्षित और सम्मानजनक वातावरण में अपना भविष्य बना सके। उन्होंने बताया कि Just Rights for Children के आह्वान पर पूरे झारखंड सहित देशभर में बाल अधिकारों के संरक्षण, बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी तथा बच्चों के विरुद्ध होने वाली हिंसा को रोकने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील भी की।