गिरिडीह को सियालदह एक्सप्रेस से जोड़ने की कवायद तेज, रेलवे अधिकारियों से हुई पहल

गिरिडीह को सियालदह एक्सप्रेस से जोड़ने की कवायद तेज, रेलवे अधिकारियों से हुई पहल

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह को कोलकाता से सीधी रेल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक बार फिर पहल तेज हो गई है। आसनसोल–सियालदह एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12384) का विस्तार गिरिडीह तक किए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राज कुमार राज ने पूर्व रेलवे, कोलकाता के प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक (पीसीओएम) से दूरभाष पर विस्तृत बातचीत की।

बातचीत के दौरान राज कुमार राज ने गिरिडीह के यात्रियों की लंबे समय से लंबित मांग को प्रमुखता से उठाते हुए ट्रेन का विस्तार गिरिडीह तक करने का आग्रह किया। इस पर पीसीओएम ने मामले पर गंभीरता से विचार करने और प्रस्ताव का परीक्षण कराने का आश्वासन दिया।

इस पहल से जुड़े प्रतिनिधियों ने बताया कि गिरिडीह के लोगों को कोलकाता आने-जाने के लिए बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल कोलकाता जाकर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेगा और ट्रेन के विस्तार की मांग को लेकर प्रभावी पैरवी करेगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आसनसोल–सियालदह एक्सप्रेस का विस्तार गिरिडीह तक होता है, तो जिले के हजारों यात्रियों, छात्रों, व्यवसायियों और नौकरीपेशा लोगों को सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा। साथ ही गिरिडीह की रेल संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी तथा क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top