केंद्रीय रेल मंत्री से सांसद ढुलू ने की मुलाकात
धनबाद की रेल सुरक्षा, यात्री सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को रखा
डीजे न्यूज, धनबाद: सांसद ढुलू महतो ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर धनबाद संसदीय क्षेत्र तथा धनबाद रेल मंडल से जुड़ी जनहित की अनेक महत्वपूर्ण समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को विस्तारपूर्वक उनके समक्ष रखा। इस दौरान सांसद ढुलू महतो ने विभिन्न विषयों पर तैयार किए गए विस्तृत पत्र भी रेल मंत्री को सौंपे तथा इन पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का अनुरोध किया।
सांसद ढुलू महतो ने सबसे पहले ‘सेतु भारतम योजना’ के अंतर्गत धनबाद शहर को वर्षों से जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से 9 प्रमुख रेलवे फाटकों पर रोड ओवरब्रिज (ROB) अथवा रोड अंडरब्रिज (RUB) के निर्माण की मांग रखी। उन्होंने बताया कि धनबाद देश के सबसे महत्वपूर्ण रेल मंडलों में से एक है, जहां दिन-रात मालगाड़ियों का संचालन होता है। इसके कारण शहर के प्रमुख रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहते हैं, जिससे आम जनता, एंबुलेंस, छात्र-छात्राओं, व्यापारियों एवं श्रमिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने रेल मंत्री को उन 9 संवेदनशील रेलवे फाटकों की सूची भी सौंपी, जिनमें केंदुआ रोड (31/C/E), फुलारीटांड़, गोविंदपुर, आउटर धनबाद-बराकर लिंक, भूली, तिलाटांड़ गेट (कतरास), सोनारडीह गेट, सिजुआ (कतरास) तथा तेलमच्चो (केंदुआ लिंक) शामिल हैं। सांसद ने आग्रह किया कि जहां तकनीकी कारणों से ROB/RUB का निर्माण संभव न हो, वहां फाटकों का चौड़ीकरण कर बीच में मजबूत डिवाइडर (सेपरेटर) लगाया जाए, जिससे दुर्घटनाओं और जाम की समस्या में प्रभावी कमी लाई जा सके।
इस दौरान ढुलू महतो ने धनबाद रेल मंडल से नई ट्रेनों के संचालन एवं विशेष ट्रेनों को नियमित किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस (13351) की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए उसके लिए क्लोन ट्रेन चलाने का आग्रह किया, ताकि दक्षिण भारत विशेषकर वेल्लोर उपचार के लिए जाने वाले मरीजों एवं अन्य यात्रियों को राहत मिल सके।
इसके अतिरिक्त उन्होंने धनबाद-दिल्ली एवं चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने तथा भविष्य में जम्मू तक विस्तार, धनबाद से सहरसा (बिहार) के लिए नई साप्ताहिक ट्रेन तथा धनबाद से न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) के लिए नई साप्ताहिक ट्रेन प्रारंभ करने की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल एवं पूर्वोत्तर भारत की यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद ढुलू महतो ने रेल यात्रियों, विशेषकर गंभीर मरीजों की कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए धनबाद से गुजरने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों में हेड ऑफिस (HO) / आपातकालीन कोटा बढ़ाने तथा जहां उपलब्ध नहीं है वहां नया HO कोटा निर्धारित करने का भी आग्रह किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों में आपातकालीन स्थिति में भी यात्रियों को कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं हो पाता है। उन्होंने विशेष रूप से मुंबई मेल (12321), मालदा टाउन–सूरत एक्सप्रेस (13425), जसीडीह–वास्को-द-गामा एक्सप्रेस (17322), दुर्गियाना एक्सप्रेस (12357), वनांचल एक्सप्रेस (13403), रांची–गोड्डा एक्सप्रेस (18603), पारसनाथ एक्सप्रेस (12942) तथा सियालदह–बीकानेर एक्सप्रेस (12259) में HO कोटा बढ़ाने अथवा नया कोटा निर्धारित करने की मांग की।
ढुलू महतो ने धनबाद के नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन (गोमो) के समीप मुख्य रेलवे ट्रैक के अत्यंत निकट हो रहे अवैध कोयला खनन का गंभीर मामला भी रेल मंत्री के संज्ञान में लाया। उन्होंने बताया कि रेलवे ट्रैक से अत्यंत कम दूरी पर लगातार हो रहे अवैध उत्खनन से रेल सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। सांसद ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई, आर्थिक दंड, रेलवे की तकनीकी सुरक्षा जांच तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए इस पूरे मामले में त्वरित हस्तक्षेप का आग्रह किया।
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद देश की ऊर्जा राजधानी होने के साथ-साथ भारतीय रेलवे का भी अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में यहां की रेल संरचना को और अधिक सुरक्षित, आधुनिक एवं जनहितकारी बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना है तथा इन पर सकारात्मक एवं शीघ्र कार्रवाई होगी।