खंभरबाद में झामुमो की बढ़ी सियासी ताकत, 100 से अधिक लोगों ने थामा पार्टी का दामन

खंभरबाद में झामुमो की बढ़ी सियासी ताकत, 100 से अधिक लोगों ने थामा पार्टी का दामन

भाजपा के पुराने कार्यकर्ता मीतन साव के नेतृत्व में शामिल हुए लोग, श्वेता शर्मा ने दिलाई सदस्यता

डीजे न्यूज, पीरटांड़,गिरिडीह : पीरटांड़ प्रखंड की खरपोका पंचायत अंतर्गत खंभरबाद गांव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से चलाए गए सदस्यता अभियान के दौरान सौ से अधिक लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा के पुराने कार्यकर्ता मीतन साव के नेतृत्व में लोगों के झामुमो में शामिल होने से क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

इस मौके पर दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह के पूर्व विधायक सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्वेता शर्मा खंभरबाद पहुंचीं। उन्होंने नए सदस्यों को झामुमो का पट्टा पहनाकर पार्टी में शामिल कराया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।

मीतन साव ने भाजपा पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ कारणों से वह पार्टी से नाराज चल रहे थे। उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों के झामुमो में शामिल होने को गांव की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

खंभरबाद गांव धनबाद के सांसद ढुलू महतो का ननिहाल भी है। इस कारण गांव में लंबे समय से भाजपा का प्रभाव माना जाता रहा है। ऐसे में यहां झामुमो का सदस्यता अभियान और सौ से अधिक लोगों का पार्टी में शामिल होना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेत्री रिंकी देवी के घर के समीप किया गया।

मौके पर झामुमो के बिरजू मरांडी, अख्तर अंसारी, राधेश्याम, प्रकाश तिवारी, महेश मरांडी, रोकी सिंह, नितेश सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top