स्कॉलर बीएड कॉलेज और रामकृष्ण विवेकानंद कॉलेज के बीच शैक्षणिक सहयोग को लेकर एमओयू

स्कॉलर बीएड कॉलेज और रामकृष्ण विवेकानंद कॉलेज के बीच शैक्षणिक सहयोग को लेकर एमओयू

 संयुक्त शैक्षणिक गतिविधियों, शोध, नवाचार तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा मिलेगा : डॉ शालिनी खोवाला

डीजे न्यूज, गिरिडीह : शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए

स्कॉलर बीएड कॉलेज, गिरिडीह एवं रामकृष्ण विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन बगोदर के बीच मंगलवार को एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया।

शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने, शिक्षक-प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने तथा शैक्षणिक नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में आज दोनों संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देना तथा ज्ञान एवं अनुभवों के आदान-प्रदान के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षक-शिक्षा को नई दिशा प्रदान करना है।

इस अवसर पर राम कृष्ण विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन, बगोदर की ओर से महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार दुबे, विभागाध्यक्ष जगदीश प्रसाद मेहता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रशांत कुमार कुन्दन उपस्थित रहे। वहीं, स्कॉलर बी.एड. कॉलेज, गिरिडीह की ओर से प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला, सहायक प्राध्यापक डॉ. संतोष कुमार चौधरी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सुधांशु शेखर जमैयार उपस्थित रहे।

समझौते के प्रमुख उद्देश्य

फैकल्टी एक्सचेंज कार्यक्रम

प्राध्यापकों के बीच शैक्षणिक अनुभव, विषयगत ज्ञान एवं नवीन शिक्षण पद्धतियों का आदान-प्रदान।

संयुक्त शैक्षणिक आयोजन

छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के लिए सेमिनार, कार्यशाला, फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) से संबंधित गतिविधियों का आयोजन के साथ शोध एवं नवाचार में अनुसंधान, नवाचार और अकादमिक सहयोग को प्रोत्साहित करना।

इंटर्नशिप एवं विद्यालयी अनुभव शिक्षक-प्रशिक्षुओं के इंटर्नशिप कार्यक्रमों तथा विद्यालयी अनुभव को अधिक प्रभावी बनाने के लिए परस्पर सहयोग एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर।

इस अवसर पर राम कृष्ण विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन, बगोदर के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार दुबे ने कहा कि यह समझौता राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की भावना के अनुरूप शिक्षक-शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में एक सार्थक कदम है। उन्होंने कहा कि दोनों महाविद्यालयों के बीच शैक्षणिक सहयोग से शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को अपने ज्ञान, कौशल और अनुभवों को साझा करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षक-शिक्षा को बढ़ावा देने तथा शैक्षणिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने में यह साझेदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

वहीं, स्कॉलर बी.एड. कॉलेज, गिरिडीह की प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला ने कहा कि दोनों संस्थानों के बीच यह सहयोग विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और व्यापक शैक्षणिक अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस साझेदारी के माध्यम से संयुक्त शैक्षणिक गतिविधियों, शोध, नवाचार तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा मिलेगा, जिससे शिक्षक-प्रशिक्षुओं के सर्वांगीण विकास में सहायता मिलेगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top