सदर अस्पताल में आर्थिक रूप से कमजोर महिला को मिला निःशुल्क उपचार सफलतापूर्वक संपन्न हुआ बच्चेदानी के बड़े ट्यूमर का ऑपरेशन

सदर अस्पताल में आर्थिक रूप से कमजोर महिला को मिला निःशुल्क उपचार

सफलतापूर्वक संपन्न हुआ बच्चेदानी के बड़े ट्यूमर का ऑपरेशन

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद के सदर अस्पताल में शनिवार को डिगवाडीह नंबर-10 निवासी प्रमिला देवी (45 वर्ष) का बच्चेदानी में मौजूद बड़े ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के उपरांत मरीज की स्थिति पूरी तरह स्थिर एवं संतोषजनक है।

इस संबंध में अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद ने बताया कि प्रमिला देवी पिछले लगभग एक वर्ष से लगातार पेट दर्द, अत्यधिक मासिक रक्तस्राव तथा कमजोरी से परेशान थीं। सदर अस्पताल में जांच के दौरान डॉ. संजीव कुमार स्त्री रोग विशेसज्ञ द्वारा परीक्षण करने पर पाया गया कि उनकी बच्चेदानी में बड़ा ट्यूमर है, जिसके कारण उन्हें लगातार दर्द एवं अत्यधिक रक्तस्राव की समस्या हो रही थी।

प्रमिला देवी एक सहिया के रूप में कार्यरत हैं। अपने कार्य की व्यस्तता के बावजूद वे लंबे समय से बीमारी से जूझ रही थीं। उनके पति  वीरेंद्र नाग, जो एक किसान हैं, आर्थिक तंगी के कारण निजी अस्पताल में उपचार कराने में असमर्थ थे। लगातार रक्तस्राव के कारण मरीज काफी कमजोर हो चुकी थीं।

मरीज की एक पुत्री ए.एन.एम. हैं, जो वर्तमान में एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं। उन्होंने भी सदर अस्पताल में उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं पर विश्वास जताते हुए अपनी माता का इलाज यहीं कराने का निर्णय लिया।

तत्पश्चात आज डॉ. संजीव कुमार प्रसाद के नेतृत्व में मरीज का सफलतापूर्वक बच्चेदानी निकालने का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन में निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. पवन तथा ओटी सहायक रंजना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति सामान्य एवं संतोषजनक है तथा चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

डॉ. संजीव ने बताया कि यदि यही ऑपरेशन किसी निजी अस्पताल में कराया जाता तो मरीज को लगभग ₹40,000 से ₹50,000 तक का खर्च वहन करना पड़ सकता था। सदर अस्पताल धनबाद में यह जटिल शल्य चिकित्सा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के अंतर्गत सफलतापूर्वक एवं निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।

ऑपरेशन की सफलता के बाद प्रमिला देवी एवं उनके परिजनों ने सदर अस्पताल के चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क उपचार मिला, जिससे उन्हें नया जीवन मिला है।
उल्लेखनीय है कि धनबाद का सदर अस्पताल निरंतर आधुनिक सुविधाओं एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से आम जनता, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top