धनवार के डिस्कवरी होटल में देर रात छापा, संदिग्ध हालत में मिले चार लोग, होटल सील

धनवार के डिस्कवरी होटल में देर रात छापा, संदिग्ध हालत में मिले चार लोग, होटल सील

होटल संचालक फरार, सीसीटीवी और रजिस्टर की हो रही जांच

डीजे न्यूज, गिरिडीह : धनवार नगर थाना क्षेत्र के बड़ा चौक स्थित होटल डिस्कवरी में अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर मंगलवार देर रात पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल के एक कमरे से दो युवक और दो युवतियों को संदिग्ध एवं आपत्तिजनक स्थिति में हिरासत में लिया गया। होटल के मैनेजर प्रदीप साहू को भी पूछताछ के लिए थाना लाया गया है, जबकि होटल संचालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार को होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की लगातार सूचना मिल रही थी। इसके बाद उनके निर्देश पर खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में धनवार बीडीओ देवेंद्र कुमार दास, थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार समेत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी शामिल थे।

संयुक्त टीम ने होटल के विभिन्न कमरों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक कमरे से दो युवक और दो युवतियां संदिग्ध हालत में मिलीं। पहचान संबंधी दस्तावेज मांगने पर वे तत्काल कोई वैध पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सभी को पूछताछ के लिए धनवार थाना ले जाया गया।

छापेमारी के दौरान होटल के रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई। प्रारंभिक जांच के बाद प्रशासन ने होटल को सील करने का निर्णय लिया। सीआई सह दंडाधिकारी अभिषेक कुमार की मौजूदगी में होटल डिस्कवरी को विधिवत सील कर दिया गया।

खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच जारी है और होटल संचालक की तलाश की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top