नई सड़क निर्माण पर उठे सवाल, मानकों की अनदेखी का ग्रामीणों ने लगाया आरोप

नई सड़क निर्माण पर उठे सवाल, मानकों की अनदेखी का ग्रामीणों ने लगाया आरोप

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह): प्रखंड की बदगांवा पंचायत में सोबरनपुर मोड़ से बदगांवा तक निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। पिचिंग कार्य के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए निर्माण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया और जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों तक सड़क नहीं रहने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। कई बार गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। ऐसे में सड़क निर्माण शुरू होने से लोगों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन घटिया निर्माण की शिकायतों ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।

ग्रामीण प्रदीप मंडल, दिलशाद अंसारी, कलीमुद्दीन अंसारी, संतोष मोहली, तुलसी मोहली, सेराज अंसारी, प्रवीण कोल समेत अन्य ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य की शुरुआत से ही गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि आधार परत और गार्डवाल निर्माण में भी अनियमितताएं बरती गईं, जबकि पिचिंग के दौरान अलकतरा और अन्य निर्माण सामग्री का पर्याप्त उपयोग नहीं किया जा रहा है। इसके कारण नई सड़क कई स्थानों पर उखड़ने लगी है।

ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व शुरू हुई यह योजना अब तक अधूरी है। उन्होंने जिला प्रशासन से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top