संसदीय समिति की बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाया यात्री सुविधाओं में और वृद्धि करने पर जोर

संसदीय समिति की बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाया

यात्री सुविधाओं में और वृद्धि करने पर जोर

डीजे न्यूज, धनबाद: डीआरएम कार्यालय के सभाकक्ष में बुधवार को धनबाद मंडल की ‘मंडल संसदीय समिति‘ की बैठक हुई।
अध्यक्षता सांसद विष्णु दयाल राम ने की।  बैठक में सांसद ढुलू महतो, सांसद चन्द्र प्रकाश चौधरी, सांसद कालीचरण सिंह उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाया। रेल के सर्वांगीण विकास तथा यात्री सुविधाओं में और वृद्धि करने पर जोर देते हुए इसे सुदृढ़ करने के संबंध में बहुमूल्य सुझाव दिये। आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर बल दिया गया । बैठक में भविष्य की कार्य योजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई ।

बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सांसद एवं सांसद प्रतिनिधियों का स्वागत किया। महाप्रबंधक ने कहा कि यह सुझाव हमें भविष्य में रेल विकास कार्यों की रूप-रेखा तय करने में काफी सहायक सिद्ध होगा ।

महाप्रबंधक ने धनबाद मंडल द्वारा यात्री सुविधा की दिशा में उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि धनबाद मंडल भारतीय रेल में माल लदान में महत्वपूर्ण स्थान रखता है एवं वर्तमान वित्तीय वर्ष में भी  माल लदान एवं इससे प्राप्त आय दोनों में भारतीय रेल के सभी मंडलों में प्रथम स्थान प्राप्त करने का गौरव हासिल हुआ है । महाप्रबंधक ने सांसदों को अवगत कराया कि यात्री सुविधा के क्षेत्र में कार्य करते हुए गुरपा, पाथरडीह एवं कतरासगढ़ सहित 03 स्टेशनों पर उपरगामी पुल का निर्माण, 04 स्टेशनों के प्लेटफार्म का विस्तार एवं उच्चीकरण का कार्य पूरा किया गया है । कोडरमा, गोमोह एवं कतरासगढ़ स्टेशनों पर नये स्टेशन भवन का निर्माण किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए धनबाद एवं चोपन से भोपाल, धनबाद से पोत्तनूर, धनबाद से लोकमान्य तिलक टर्मिनल एवं धनबाद से भुवनेश्वर के नई ट्रेन सेवा की शुरूआत की गयी है। दानापुर-राजगीर के मध्य चल रही गाड़ी सं. 13233/34 का विस्तार कोडरमा तक किया गया है । साथ ही कई ट्रेनों का ठहराव मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर दिया गया है । यात्रियों की सुविधा के लिए बरकाकाना स्टेशन पर रेल कोच रेस्टुरेंट खोला गया है । अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत् प्रारंभिक चरण में 15 स्टेशनों पर दीर्घकालिक दृष्टिकोण से विकास कर कायाकल्प किया जा रहा है एवं कार्य प्रगति पर है । एक स्टेशन एक उत्पाद के तहत् 26 स्टेशनों पर स्टॉल/ट्रॉली लगाए गए हैं जिससे क्षेत्र के हस्तशिल्पियों एवं स्थानीय उत्पाद को उत्सावर्धन तथा उत्पाद को एक बेहतर बाजार मिल रहा है ।
इस अवसर पर सांसदों के प्रतिनिधि,  महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र सहित मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारी उपस्थित थे ।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top