कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने छाताबाद भू-धंसान स्थल का लिया जायजा
लापरवाही, अवैज्ञानिक खनन और उदासीनता का परिणाम है भू धंसान की घटना: संतोष कुमार सिंह
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद): कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद ग्राउंड के पास मंगलवार को हुई भू धंसान स्थल का जायजा लेने बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और हालात का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद जिलाध्यक्ष ने कहा कि छाताबाद की यह त्रासदी कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि बीसीसीएल की वर्षों की घोर लापरवाही, अवैज्ञानिक खनन और प्रशासनिक उदासीनता का परिणाम है। आज लगभग 75 परिवारों के 700 से अधिक लोगों का जीवन खतरे में है, लेकिन बीसीसीएल के अधिकारियों और भाजपा के जनप्रतिनिधियों को इसकी कोई चिंता नहीं है।
उन्होंने कहा कि बीसीसीएल धनबाद की धरती से अरबों रुपये का कोयला निकालकर मुनाफा कमाती है, लेकिन जिन लोगों की जमीन धंस रही है और जिनके घर उजड़ने की कगार पर हैं, उनके पुनर्वास और सुरक्षा के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। यह कंपनी की संवेदनहीनता और विफलता का सबसे बड़ा उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले आज पीड़ित परिवारों के आंसू पोंछने तक नहीं पहुंचे। उनकी चुप्पी और निष्क्रियता जनता कभी माफ नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि यदि बीसीसीएल और सरकार ने समय रहते ईमानदारी से काम किया होता तो आज सैकड़ों लोगों पर बेघर होने का संकट नहीं आता। यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास, प्रत्येक परिवार को मुआवजा और स्थायी आवास, भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों का वैज्ञानिक सर्वे कर स्थायी समाधान, बीसीसीएल के जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों के पुनर्वास, मुआवजे और सुरक्षा को लेकर शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी बीसीसीएल, जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी। मौके पर शौकत खान, पार्षद शहाबुद्दीन अंसारी, जिला काँग्रेस सचिव सबीर आलम उर्फ पप्पू, आकाश प्रमाणिक, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मो शयूम खान, नियाम, मो शमीम,मोईम, छोटू उर्फ अफसर आदि मौजूद रहे।