35 हाथियों के झुंड ने पीरटांड़ के विद्यालय व कई घरों में मचाया उत्पात

35 हाथियों के झुंड ने पीरटांड़ के विद्यालय व कई घरों में मचाया उत्पात

हाथियों के गांव में प्रवेश से दहशत का माहौल, पूरी रात जागकर अपनी और परिवार की सुरक्षा करते रहे लोग

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड की सिमरकोंधी पंचायत अंतर्गत तिलैया टोला घंघराबरी में सोमवार की रात करीब 11 बजे लगभग 35 हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय घंघराबरी में घुसकर मुख्य गेट, खिड़कियां तथा अन्य हिस्सों को तोड़ दिया। विद्यालय में मध्याह्न भोजन के लिए रखा चावल, राशन एवं अन्य सामग्री को नष्ट कर दिया और चावल खा गए। इससे विद्यालय को भारी क्षति पहुंची है।

हाथियों के झुंड ने गांव में भी तबाही मचाई। ग्रामीण रसिक हेंब्रम, विनोद हेंब्रम और हरिचंद हेंब्रम सहित कई लोगों के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग पूरी रात जागकर किसी तरह अपनी और परिवार की सुरक्षा करते रहे। हाथियों के गांव में प्रवेश से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। वनपाल ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, हाथियों के नजदीक नहीं जाने तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करने की अपील की है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को मुआवजा के लिए आवेदन प्रपत्र उपलब्ध कराते हुए आवश्यक दस्तावेजों के साथ शीघ्र आवेदन करने का आग्रह किया। साथ ही ग्रामीणों से वन विभाग के निर्देशों का पालन करने और हाथियों की गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को देने को कहा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top