पीरटांड़ की बेटी अंबर सालवी बनीं डॉक्टर, एमबीबीएस की डिग्री से बढ़ाया क्षेत्र का मान
डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह ) : पीरटांड़ की होनहार बेटी अंबर सालवी ने कठिन परिश्रम और लगन के बल पर एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर डॉक्टर बनने का सपना साकार कर लिया है। उसकी इस उपलब्धि से गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीण और शुभचिंतक उनके घर पहुंचकर परिवार को बधाई दे रहे हैं। अंबर सालवी ने दसवीं की पढ़ाई डीएवी पब्लिक स्कूल, गिरिडीह से तथा इंटरमीडिएट की शिक्षा सुभाष पब्लिक स्कूल से पूरी की थी। वर्ष 2021 में उन्होंने नीट परीक्षा में सफलता हासिल की थी। इसके बाद शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग में एमबीबीएस में नामांकन हुआ। वर्ष 2026 में उन्होंने सभी परीक्षाएं सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त कर ली है। अब उनकी इंटर्नशिप शुरू होने वाली है। अंबर सालवी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता अल्ताफ हुसैन और रोशन आरा, भाई-बहनों तथा पूरे परिवार के सहयोग और प्रेरणा को दिया है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना उनका लक्ष्य है और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उसकी इस उपलब्धि पर गांव के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि अंबर सलोनी ने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उसकी सफलता से क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं को भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलेगी। गांव के सदर मोहम्मद खुर्शीद रब्बानी ने बताया कि इस बेटी के नाम रौशन करने पर हमें गर्व है।यह सफलता गांव से अन्य बच्चों को पढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।