स्थापना दिवस पखवाड़ा पर अधिकारियों ने लगाई साइकिल रेस, दिया स्वस्थ रहने का संदेश

स्थापना दिवस पखवाड़ा पर अधिकारियों ने लगाई साइकिल रेस, दिया स्वस्थ रहने का संदेश

डीजे न्यूज, तिसरी,गिरिडीह : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत गुरुवार को तिसरी में साइकिल रेस का आयोजन किया गया। बीडीओ मनीष कुमार की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रखंड एवं अंचल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसका उद्देश्य लोगों को झारखंड स्थापना दिवस के प्रति जागरूक करने के साथ खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना था।

साइकिल रेस प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर से शुरू हुई। इसमें बीडीओ मनीष कुमार, सीओ अखिलेश प्रसाद, वनपाल अभिमित राज सहित कई कर्मियों ने हिस्सा लिया। रेस मुख्य मार्ग से होते हुए तिसरी नेचर पार्क पहुंची। वहां से सभी प्रतिभागी वापस प्रखंड कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस मौके पर बीडीओ मनीष कुमार ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं के साथ-साथ हर उम्र के लोगों को खेल और व्यायाम के प्रति जागरूक करना है। नियमित शारीरिक गतिविधियों से लोग स्वस्थ रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि खेलकूद को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

वहीं, संविधान दिवस के अवसर पर प्रखंड कार्यालय में शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें बीडीओ मनीष कुमार, सीओ अखिलेश प्रसाद, थाना प्रभारी शंभू नंद ईश्वर सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए शपथ ली। सभी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने का संकल्प लिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top