तेज गति से चलने वाले वाहन इस पुलिया से गुजरते ही उछल जाते हैं
गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग स्थित पांडेडीह में बना पुलिया हादसों को दे रहा आमंत्रण
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर पांडेडीह के समीप बनी नवनिर्मित पुलिया एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पुलिया का निर्माण इस प्रकार किया गया है कि उस पर से गुजरते समय तेज गति से चलने वाले वाहन अचानक उछल जाते हैं। इससे कई बार चालक का संतुलन बिगड़ जाता है और वाहन सड़क किनारे उतर जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां आए दिन दुर्घटना की स्थिति बन रही है, लेकिन संबंधित विभाग अब तक इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर सका है। ग्रामीणों के अनुसार पुलिया की सतह सड़क के बराबर नहीं है। पुलिया और सड़क के जोड़ पर ऊंचाई का अंतर होने के कारण वाहन जैसे ही पुलिया पर चढ़ते या उतरते हैं, उन्हें जोरदार झटका लगता है। खासकर कार, बाइक और छोटे मालवाहक वाहन अधिक प्रभावित होते हैं। तेज रफ्तार में आने वाले वाहन कई बार उछलकर अनियंत्रित हो जाते हैं और सड़क किनारे चले जाते हैं। कई वाहन दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस पुलिया को लेकर शिकायत उठी हो। इससे पहले निर्माण कार्य के दौरान पुल पर लोहे की छड़ें बाहर छोड़ दी गई थीं। उन छड़ों के कारण कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं और कई लोगों की जान भी चली गई थी। उस समय मीडिया ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद संबंधित एजेंसी ने पुल से बाहर निकली छड़ों को तो हटा दिया, लेकिन पुलिया के निर्माण में मौजूद तकनीकी खामियों को दूर नहीं किया गया। राहगीरों का कहना है कि पुलिया की ढलाई और सड़क से उसका समायोजन सही तरीके से नहीं किया गया है। यही कारण है कि वाहन पुलिया पर पहुंचते ही उछल जाते हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण इस मार्ग पर दिन-रात भारी और हल्के वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से पुलिया की तकनीकी जांच कराकर इसे मानकों के अनुरूप समतल बनाने, सड़क के दोनों ओर उचित सुधार कार्य कराने तथा चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया की खामियों को दूर नहीं किया गया तो यहां कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।