गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करें : रामनिवास यादव 

गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करें : रामनिवास यादव

डीजे न्यूज, गिरिडीह : समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त रामनिवास यादव ने समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY)की समीक्षा बैठक की। बैठक में योजना के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति, लाभुकों के पंजीकरण, लंबित आवेदनों के निष्पादन तथा प्रखंडवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने PMMVY पोर्टल पर एंट्री की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि लाने के साथ-साथ द्वितीय किस्त से संबंधित लंबित मामलों का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ प्राप्त हो सके। उपायुक्त ने कहा कि यह योजना मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे में किसी भी पात्र महिला का योजना से वंचित रहना स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र स्तर पर नियमित अनुश्रवण, सतत मॉनिटरिंग एवं प्रभावी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन लंबित आवेदनों का अनुमोदन सुनिश्चित करें, जिससे किसी भी स्तर पर अनावश्यक पेंडेंसी न रहे। उन्होंने जीरो एनरोलमेंट आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या में शीघ्र कमी लाने, पात्र लाभुकों की पहचान के लिए क्षेत्र भ्रमण एवं जन जागरूकता अभियान संचालित करने तथा प्रत्येक पात्र महिला का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि योजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखते हुए नियमित समीक्षा की जाएगी तथा लक्ष्य प्राप्ति में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top