गिरिडीह की साढ़े चार लाख से अधिक महिलाओं को मिला मंईयां सम्मान योजना का लाभ
डीजे न्यूज, गिरिडीह: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व और मंत्री सुदिव्य कुमार के मार्गदर्शन में संचालित मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत गिरिडीह जिले की 4,55,518 महिलाओं के बैंक खातों में अप्रैल और मई 2026 की सम्मान राशि सफलतापूर्वक भेज दी गई है। आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से कुल ₹227 करोड़ 75 लाख 90 हजार की राशि हस्तांतरित की गई। प्रत्येक लाभुक महिला को दो माह की सम्मान राशि के रूप में ₹5,000 प्राप्त हुए।
योजना के तहत समय पर भुगतान होने से जिले की लाखों महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है। इससे न केवल उनके जीवन स्तर में सुधार होगा, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर, सशक्त और सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है।
जिले में अप्रैल और मई माह की सम्मान राशि का भुगतान सभी प्रखंडों एवं शहरी निकायों के पात्र लाभुकों के खातों में किया गया। इनमें गिरिडीह प्रखंड में 39,217, गिरिडीह नगर निगम में 27,196, बेंगाबाद में 28,892, गांडेय में 32,564, जमुआ में 53,740, देवरी में 34,282, तिसरी में 13,572, गांवा में 21,295, धनवार में 47,767, धनवार नगर पंचायत में 2,150, बिरनी में 35,379, सरिया में 25,510, सरिया नगर पंचायत में 2,442, बगोदर में 31,939, डुमरी में 41,113 तथा पीरटांड़ में 18,460 महिलाओं को योजना का लाभ मिला।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों और बैंकिंग संस्थानों के समन्वय से भुगतान प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक पात्र लाभुक तक समय पर योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो सके।