कर्माटांड़ कॉलोनी के लोगों का नॉर्थ तीसरा कार्यालय पर प्रदर्शन
डीजे न्यूज, तिसरा (धनबाद) : सात सूत्री मांगों को लेकर मंगलवार को कर्माटांड़ कॉलोनी के लोगों ने बीसीकेयू एवं विस्थापित मोर्चा के बैनर तले नॉर्थ तीसरा कार्यालय के समक्ष जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रबंधन को सौंपा।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि एनटीएसटी, कुजामा प्रबंधन ने गोल्डेन पहाड़ी से लोगों को विस्थापित कर कर्माटांड़ में बसाया है, लेकिन अब तक समुचित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विस्थापन के समय जिन भुगतानों का आश्वासन दिया गया था, उनका भी अब तक भुगतान नहीं किया गया है।
वक्ताओं ने कहा कि कर्माटांड़ कॉलोनी में कूड़ेदान की व्यवस्था नहीं है तथा बिजली और पानी की समस्या लगातार बनी रहती है। इसके अलावा कर्माटांड़ टाउनशिप में प्रबंधन की ओर से अस्पताल की व्यवस्था करने, दुर्गा मंदिर की स्थापना कराने तथा यहां के विस्थापित बेरोजगार युवकों को लोडिंग प्वाइंट में रोजगार उपलब्ध कराने सहित सात सूत्री मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करने वालों में लोदना क्षेत्रीय सचिव शिव कुमार सिंह, भोला साहनी, वीरेंद्र श्रीवास्तव, सूर्य देव पासवान, नरेंद्र सिंह, विपिन सिन्हा, साहिल कुमार, ललिता देवी, मीना देवी, शांति देवी, संध्या देवी, सत्यनारायण साव, सीमा देवी, राधा देवी, विमला देवी एवं ज्ञानती देवी शामिल थे।