विधायक राज ने किया इंडियन आइडल फेम अभिषेक का स्वागत
डीजे न्यूज, धनबाद: इंडियन आइडल के मंच पर अपनी शानदार गायकी, मधुर आवाज और उत्कृष्ट प्रदर्शन से देशभर में कोयला राजधानी धनबाद का गौरव बढ़ाने वाले प्रतिभाशाली युवा गायक अभिषेक धनबाद पहुंचे। उनके आगमन पर झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने भुईफोड़ मंदिर परिसर में उन्हें शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
विधायक ने कहा कि अभिषेक केवल धनबाद ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड का गौरव हैं। इंडियन आइडल के मंच पर अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के बल पर उन्होंने जिस प्रकार अपनी पहचान बनाई है, वह युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उनकी सफलता ने धनबाद की कला एवं संगीत प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
उन्होंने कहा कि अभिषेक की मधुर स्वर-प्रतिभा, निरंतर अभ्यास और लगन उन्हें सफलता की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। वे भविष्य में भी अपनी प्रतिभा से धनबाद और झारखंड का नाम देशभर में गौरवान्वित करते रहेंगे।
इस अवसर पर इंडियन आइडल फेम अभिषेक के साथ स्कूल में पढ़ने वाले विधायक राज सिन्हा के पुत्र अभिनव प्रधान ने भी अपने सहपाठी का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
अभिनव प्रधान ने कहा, “अभिषेक की सफलता हम सभी दोस्तों के लिए गर्व का विषय है। स्कूल के दिनों से ही उनकी संगीत के प्रति लगन और मेहनत देखने को मिली है। उन्होंने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से यह साबित किया है कि कड़ी मेहनत और समर्पण से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता विक्रांत उपाध्याय, अभिषेक के पिता अंजय साह, समाजसेवी शांतनु चंद्रा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, संगीत प्रेमी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।