तमिलनाडु में गैस रिसाव से राजगंज के 34 मजदूर प्रभावित प्रशासन सतर्क, परिजन चिंतित 

तमिलनाडु में गैस रिसाव से राजगंज के 34 मजदूर प्रभावित

 

प्रशासन सतर्क, परिजन चिंतित 
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिला स्थित कन्नीगापुरम की एक सीफूड फैक्ट्री में अमोनिया गैस रिसाव की घटना में राजगंज क्षेत्र के करीब 34 मजदूर प्रभावित हो गए। यह घटना 21 जून को हुई, जिसके बाद फैक्ट्री प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में अचानक अमोनिया गैस का रिसाव होने से वहां कार्यरत मजदूरों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। प्रभावित मजदूरों में राजगंज के दिलीप कुमार, संतोष महतो, सुनील सोरेन, बबलू महतो सहित कई अन्य मजदूर शामिल हैं।
घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने सभी मजदूरों को प्रभावित क्षेत्र से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। हालांकि, कुछ मजदूरों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि आधा दर्जन महिला मजदूरों का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य मजदूर फैक्ट्री परिसर में सुरक्षित हैं।
इस घटना की सूचना मिलने के बाद एक मजदूर ने सोशल मीडिया के माध्यम से झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रवासी नियंत्रण कक्ष को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने तिरुवल्लूर जिला प्रशासन से संपर्क कर मजदूरों की स्थिति की जानकारी ली।
फैक्ट्री प्रबंधन के अनुसार, तकनीकी खराबी के कारण गैस रिसाव हुआ था। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सभी मजदूर सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top