धनबाद में आटा मिल कर्मी की गोली मारकर हत्या बाइक सवार अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम, इलाके में सनसनी

धनबाद में आटा मिल कर्मी की गोली मारकर हत्या

बाइक सवार अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम, इलाके में सनसनी

डीजे न्यूज, धनबाद: गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में खेरकाबाद स्थित 7 नंबर हिलटॉप आउटसोर्सिंग के पास बाइक पर सवार अपराधियों ने आटा मिल कर्मी को गोलियों से भून डाला। घटना रविवार दोपहर की है। हमले में पीड़ित की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त झरिया के बस्ताकोला निवासी 45 वर्षीय उमेश यादव के रूप में हुई है।

कलेक्शन कर लौट रहे थे उमेश

उमेश यादव लंबे समय से गोधर स्थित रतन अग्रवाल के आटा मिल में कार्यरत थे और उन पर मिल के तगादे (पैसा कलेक्शन) की जिम्मेदारी थी। आज भी वह हमेशा की तरह व्यापारियों से पैसे लेकर कर अपनी बाइक से मिल की तरफ आ रहे थे। इसी बीच घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला बोल दिया। गोली लगते ही उमेश लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े और उन्होंने दम तोड़ दिया।

परिजनों में कोहराम, पुलिस महकमे में खलबली
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वारदात की खबर मिलते ही गोंदूडीह ओपी, भूली ओपी और केंदुआडीह थाने की पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मृतक के भाई राजेश यादव ने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि हत्या पुरानी दुश्मनी की वजह से की गई है या इसके पीछे लूटपाट का इरादा था। असली वजह पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगी।
मिल संचालक रतन अग्रवाल ने बताया कि उमेश पिछले 7-8 वर्षों से उनके यहाँ भरोसेमंद कर्मचारी के तौर पर काम कर रहे थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह कलेक्शन के लिए निकले थे। अपराधियों ने उनके पास मौजूद रकम लूटी है या नहीं, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।
जांच में जुटी पुलिस
केंदुआडीह थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) प्रमोद पांडेय की अगुवाई में पुलिस मामले की सघन तफ्तीश कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस लूट, आपसी दुश्मनी और व्यावसायिक रंजिश समेत तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर कातिलों की तलाश कर रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top