जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया पर उठे सवाल, देवरी प्रखंड का मामला
डीजे न्यूज देवरी(गिरिडीह):
देवरी प्रखंड में जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को लेकर सीएससी संचालकों ने शुक्रवार को अंचलाधिकारी को आवेदन सौंपकर मामले की जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की है।
सीएससी संचालकों का आरोप है कि कुछ सी एस पी संचालक द्वारा केवल आधार कार्ड के आधार पर जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने की बात सामने आ रही है, जबकि अन्य सीएससी के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किए जाने के बाद आवेदकों को जाति प्रमाण पत्र के लिए एक से दो महीने तक इंतजार करना पड़ता है। सीएससी संचालकों का कहना है कि कई मामलों में लंबे समय तक आवेदन लंबित रहने के बाद कभी कर्मचारी स्तर से आवेदन वापस कर दिया जाता है तो कभी अंचलाधिकारी स्तर से आवेदन वापस किए जाने की बात सामने आती है। इससे आवेदकों के साथ-साथ सीएससी संचालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सीओ को दिए गए आवेदन के माध्यम से लोगों ने जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में एकरूपता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है। मौके पर भेलवाघाटी , मारूडीह,मानिकबाद आदि पंचायत के कई सी एस पी संचालक मौजूद थे।